जमशेदपुर में टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए नई फैमिली मेडिक्लेम योजना शुरू की है। इस योजना के तहत कर्मचारी अपनी जरूरत के अनुसार 2 लाख रुपये से लेकर 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा ले सकेंगे। इस बीमा का लाभ कर्मचारी अपने जीवनसाथी, बच्चों, माता-पिता या सास-ससुर तक को दिला सकेंगे।
कंपनी के अनुसार इस योजना में पहले से मौजूद कई बीमारियों का भी कवर मिलेगा और अस्पताल में इलाज के दौरान कैशलेस सुविधा उपलब्ध रहेगी। कर्मचारी प्रीमियम की राशि आसान किस्तों में वेतन से जमा कर सकेंगे।
टाटा स्टील का कहना है कि बढ़ते इलाज के खर्च को देखते हुए यह योजना कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जरूरत पड़ने पर बेहतर इलाज मिल सकेगा और इलाज का आर्थिक बोझ भी काफी हद तक कम होगा।

