जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में बीती रात को अपराधियों ने दिनदहाड़े आफताब पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने आफताब को निशाना बनाते हुए लगातार गोलियां चलाईं, जिनमें से चार गोलियां उसे लगीं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल आफताब को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश और पुराने विवाद के एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

