जमशेदपुर के बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत में लगातार हो रही बारिश के बीच सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के आग्रह पर बागबेड़ा की पूर्व मुखिया बहामुनी हेम्ब्रम ने कचरा संग्रहण वाहन में कार्यरत सफाईकर्मियों को रेनकोट वितरित किए। इस दौरान एक महिला सफाईकर्मी सहित सभी कर्मियों को रेनकोट देकर उनके कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मुखिया बहामुनी हेम्ब्रम ने कहा कि बारिश के मौसम में भी सफाईकर्मी बिना रुके घर-घर जाकर कचरा संग्रह करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रेनकोट मिलने से कर्मियों को बारिश में काम करने में आसानी होगी और स्वच्छता अभियान भी प्रभावित नहीं होगा।
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ बागबेड़ा बनाने में सफाईकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित समय पर कचरा संग्रहण वाहन को ही दें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
रेनकोट मिलने पर सफाईकर्मियों ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे उन्हें बारिश के दौरान काम करने में काफी राहत मिलेगी। यह पहल क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।

