सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अपराधियों ने एक होटल संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि होटल संचालक विशाल गोराई अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली उनकी कमर में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

