जमशेदपुर में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से अगले 24 से 48 घंटे तक भारी वर्षा की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। उपायुक्त ने नगर निगम, आपदा प्रबंधन, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने जलजमाव वाले इलाकों पर विशेष नजर रखने, नालियों की नियमित सफाई कराने और जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। लोगों से भी अपील की गई है कि बारिश के दौरान बेवजह घरों से बाहर न निकलें, जलभराव वाले रास्तों से बचें और बिजली के खंभों व पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तेज बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष या संबंधित विभाग को तुरंत सूचना देने की अपील की है।

