जमशेदपुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) सिंहभूम जिला परिषद के बैनर तले सोमवार को साकची से उपायुक्त कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला गया। मार्च का नेतृत्व जिला सचिव अरूप कुमार ठाकुर, सचिव मंडल सदस्य भुवनेश्वर तिवारी, स्थानीय सचिव राम बेरा, सत्येंद्र सिंह, हीरा अरकाने और धनंजय शुक्ला ने किया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में भाकपा नेताओं ने कहा कि एनईटी परीक्षा को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय उन्हें बदनाम करने और पुलिसिया दमन करने में लगी रही। पार्टी का कहना है कि छात्रों के आंदोलन के आगे सरकार को झुकना पड़ा, लेकिन अब भी आंदोलन में शामिल छात्रों और उनके परिवारों को परेशान किया जा रहा है।
भाकपा ने मांग की कि आंदोलन में शामिल किसी भी छात्र-छात्रा या उनके परिजनों को असामाजिक तत्वों के माध्यम से प्रताड़ित नहीं किया जाए। आंदोलनकारियों के लिए भोजन, पानी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले परिवारों को भी किसी तरह की परेशानी न दी जाए। साथ ही बिना वर्दी में छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा पार्टी ने एनटीए के चेयरपर्सन को पद से हटाने, परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और छात्रों के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। भाकपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

