जमशेदपुर के मानगो नगर निगम की खराब सफाई व्यवस्था, पेयजल संकट, टूटी सड़कों और अधूरे विकास कार्यों को लेकर आज बड़ा धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन का नेतृत्व जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय करेंगे। धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
धरना के माध्यम से लोगों की मांग है कि मानगो क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सफाई, जलापूर्ति और सड़क जैसी सुविधाओं में कोई खास सुधार नहीं हुआ है, जिससे आम जनता को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, सरयू राय ने कहा है कि यदि नगर निगम जल्द समस्याओं का समाधान नहीं करता है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रशासन ने धरना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है।

