जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने भुईयांडीह से भिलाई पहाड़ी तक बन रही फोरलेन सड़क और पुल निर्माण कार्य का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि यह परियोजना शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसे तय समय में पूरा होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी से साफ कहा कि काम की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
विधायक ने कहा कि फोरलेन सड़क और पुल बन जाने के बाद भुईयांडीह, बारीडीह, भिलाई पहाड़ी और एनएच-33 की ओर आने-जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इससे शहर में यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर होगी और लोगों का सफर अधिक आसान व सुरक्षित बनेगा।

