सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए जल संसाधन विभाग ने डैम के 5 गेट खोलकर अतिरिक्त पानी स्वर्णरेखा नदी में छोड़ा है।
पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को बेवजह नदी के पास नहीं जाने और बच्चों को भी नदी से दूर रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो जरूरत पड़ने पर और गेट भी खोले जा सकते हैं।
फिलहाल प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में झारखंड के कई इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है, इसलिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

