पोटका के पहाड़भांगा नदी में नहाने के दौरान 20 साल का राजू सिंह राजपूत गहरे पानी में चला गया और डूब गया। राजू जमशेदपुर के टेल्को आजाद बस्ती का रहने वाला था।
बताया जा रहा है कि राजू अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने और नदी में नहाने गया था। सभी लोग नदी में नहा रहे थे, तभी राजू अचानक गहरे पानी में चला गया। दोस्तों और स्थानीय लोगों ने उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन उस समय उसका पता नहीं चल सका।
इसके बाद पोटका पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद जादूगोड़ा सीमा के पास नहर से राजू का शव बरामद किया गया।
शव मिलने की खबर के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

