सरायकेला: सरायकेला के राजबांध के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर अमन अंसारी की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कमलपुर गांव निवासी अमन अंसारी अपने बड़े भाई से मिलने राजबांध आया था। वह अपने भाई की दुकान से पानी लेने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद अमन सड़क पर गिर गया। इसी दौरान सामने से आ रही एक मैजिक वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और मैजिक वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, किशोर की मौत से नाराज स्थानीय लोगों ने मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

