सरायकेला-खरसावां: झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे ₹5 लाख के इनामी नक्सली रवि सिंह सरदार उर्फ सागर को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में ₹15 लाख का इनामी नक्सली मदन महतो उर्फ शंकर और ₹2 लाख की इनामी मीना शामिल हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रवि सिंह सरदार अपने साथियों के साथ इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर तीनों को दबोच लिया। अभियान के दौरान उनके पास से एक AK-47 राइफल, पिस्तौल और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रवि सिंह सरदार कई नक्सली घटनाओं में वांछित था और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। तीनों से पूछताछ जारी है और पुलिस उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

