वाराणसी/चतरा। झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले और प्रतिबंधित तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के कथित कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता की रविवार तड़के वाराणसी में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। उसके सिर पर कुल ₹30 लाख का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, वाराणसी के रामनगर क्षेत्र में यूपी ATS की टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर बृजेश को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ में बृजेश घायल हुआ। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बृजेश गंझू पर झारखंड सरकार की ओर से ₹25 लाख और NIA की ओर से ₹5 लाख का इनाम घोषित बताया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
मुठभेड़ के दौरान ATS के दो जवानों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, दोनों जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
झारखंड पुलिस ने भी बृजेश गंझू की मौत की पुष्टि की है। मामले में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आगे की जांच जारी है।

