रांची: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी रांची में भर्ती परीक्षाओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने तिरंगा यात्रा निकालकर अपनी आवाज बुलंद की। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतरे और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की।
बताया जा रहा है कि यह यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। इस दौरान छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं को लेकर सरकार के सामने अपनी मांगें रखीं।



छात्रों का कहना है कि मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के साथ अपनी अन्य मांगों पर भी सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।
वहीं, आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया है। अब सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत से इस विवाद का समाधान निकलता है या आंदोलन और तेज होता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

