देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रावणी मेला के दौरान मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह मंदिर का पट खुलते ही कांवरियों और श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जल चढ़ाना शुरू कर दिया।
मंदिर में जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। बताया गया कि लाइन करीब 5 किलोमीटर दूर बीएड कॉलेज तक पहुंच गई थी। इसके बावजूद श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
मंगलवार को कुल 1 लाख 64 हजार 230 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। इनमें हजारों लोगों ने शीघ्र दर्शन की सुविधा का भी इस्तेमाल किया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को तैनात किया था। जगह-जगह सीसीटीवी से निगरानी की गई और लोगों को व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाया गया।
पूरे बाबाधाम में दिनभर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।

