पूर्वी सिंहभूम के पोटका थाना क्षेत्र के पावरू में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। टाटा-हाता मुख्य मार्ग पर एक ट्रक ने पैदल जा रहे 25 वर्षीय सुमन मंडल को कुचल दिया। हादसे में सुमन की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुमन राजनगर थाना क्षेत्र के उरुगुटू गांव का रहने वाला था और पोल्ट्री ले जाने वाली पिकअप वैन में खलासी का काम करता था। सुबह उसने वाहन को पास के वॉशिंग सेंटर में खड़ा किया और नाश्ता करने के लिए पैदल होटल की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक की चपेट में आ गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश फैल गया। लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर टाटा-हाता मुख्य सड़क को करीब 10 घंटे तक जाम कर दिया। इससे टाटा-हाता, टाटा-चाईबासा और ओडिशा-टाटा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
सूचना मिलने पर पोटका समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बाद में शाह स्पंज कंपनी के प्रयास से ट्रांसपोर्ट सप्लायर की ओर से 2.50 लाख रुपये मुआवजा देने पर ग्रामीणों ने जाम हटा लिया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।

