पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। मृतकों में राजिन दोरायबुरू (40), उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू (38) और उनका 12 वर्षीय बेटा काण्डे दोरायबुरू शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद तीनों के शवों को छिपा दिया गया था। पुलिस को 26 अगस्त को मामले की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दो संदिग्धों बोंज दोरायबुरू (19) और मुचिया दोरायबुरू (20) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। शुरुआती जांच में जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों शव बरामद किए और हत्या में इस्तेमाल खून लगी कुल्हाड़ी भी जब्त की है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद के अलावा कोई दूसरा कारण था या वारदात में और कोई व्यक्ति शामिल था। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

