भारतीय फुटबॉल के स्टार खिलाड़ी सुनील छेत्री ने जमशेदपुर एफसी के इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) से बाहर होने की खबर पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने टाटा समूह से अपील करते हुए कहा कि इस फैसले पर दोबारा विचार किया जाए, क्योंकि जमशेदपुर एफसी ने भारतीय फुटबॉल को नई पहचान दी है और हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना है।
सुनील छेत्री ने कहा कि किसी भी क्लब का सफर केवल मैदान तक सीमित नहीं होता, बल्कि उससे लाखों प्रशंसकों की भावनाएं और खिलाड़ियों के सपने जुड़े होते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि टाटा समूह भारतीय फुटबॉल के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक फैसला लेगा।
इधर, जमशेदपुर और झारखंड के फुटबॉल प्रेमियों में भी इस खबर को लेकर निराशा है। खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि जमशेदपुर एफसी आईएसएल से बाहर होता है, तो इससे राज्य में फुटबॉल के विकास और युवा प्रतिभाओं को बड़ा नुकसान होगा। सभी की नजर अब टाटा समूह के अगले फैसले पर टिकी हुई है।

