घाटशिला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो 19 वर्षीय युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अमाईनगर पुलिया के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को सूचना मिली थी कि मुसाबनी इलाके से कुछ युवक ब्राउन शुगर लेकर घाटशिला में बिक्री के लिए आने वाले हैं। इसके बाद एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई और अमाईनगर पुलिया के पास निगरानी शुरू की गई।
पुलिस ने संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। उनके पास से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर, एक काले रंग की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय महानंद (19) और आकर्षित कुमार (19) के रूप में हुई है। दोनों मुसाबनी क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मोबाइल फोन और आरोपियों के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

