आरा (भोजपुर): बिहार के भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हुई अंधाधुंध गोलीबारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हथियारबंद बदमाशों ने तीन दोस्तों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक घायल हो गया। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, घटना भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव की है। मंगलवार, 24 नवंबर की देर रात तीन दोस्त राहुल कुमार, दीपक कुमार और सोनू कुमार अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने पहुंचे थे।
शादी समारोह में सभी लोग खुशियां मना रहे थे। इसी दौरान अचानक कुछ हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और तीनों युवकों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं
1इस गोलीबारी में राहुल कुमार और दीपक कुमार की मौत हो गई। वहीं, सोनू कुमार गोली लगने से घायल हो गया।
घायल युवक सोनू कुमार को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे पुराने विवाद या आपसी रंजिश की आशंका जताई गई है। हालांकि, गोलीबारी की वास्तविक वजह की जांच अभी जारी है।
घायल सोनू ने कुछ लोगों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से तीन खोखे और एक पिलेट बरामद किए जाने की खबर है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

