जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी स्थित बांधडीह टोला में जमीन विवाद को लेकर दो बेटों ने अपनी ही 80 वर्षीय मां की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी।
मृतका की पहचान गंगामनी महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उनके दोनों बेटे रवि महतो और दुर्योधन महतो मां की जमीन बेचना चाहते थे। इसके लिए वे जमीन के कागजात पर मां से हस्ताक्षर करवाना चाहते थे।
लेकिन मां ने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर घर में विवाद बढ़ गया और सोमवार की रात दोनों बेटों ने कथित तौर पर मां की गला दबाकर हत्या कर दी।
रिपोर्ट के अनुसार, वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से शव जलाने की भी कोशिश की। मंगलवार सुबह गांव के ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है।
एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास के अनुसार, शुरुआती जांच में जमीन विवाद हत्या की वजह सामने आया है।

