गिरिडीह (झारखंड): झारखंड के गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के खावा गांव के सुंडीटोला में दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में 65 वर्षीय सुकर मंडल और उनकी 30 वर्षीय बहू शीला देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 23 नवंबर की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बासुदेव मंडल घर में घुसा और कुल्हाड़ी से सुकर मंडल पर हमला कर दिया। ससुर को बचाने पहुंची बहू शीला देवी पर भी आरोपी ने हमला किया। इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक पुलिस जांच में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला को करीब तीन लाख रुपये दिए थे और वह रकम वापस मांग रहा था। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बासुदेव मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और लोहे की छड़ भी बरामद की गई है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

