जमशेदपुर। शहर के कारोबारी हरेराम सिंह से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और उनके घर पर फायरिंग करने के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने इस मामले में फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 3 अक्टूबर 2025 को कारोबारी हरेराम सिंह को रंगदारी की धमकी दी गई थी। इसके बाद 10 अक्टूबर 2025 को उनके घर पर बदमाशों ने गोलीबारी की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले में ताजा कार्रवाई करते हुए 21 नवंबर 2026 को जमशेदपुर पुलिस धनबाद के वासेपुर पहुंची। यहां गैंगस्टर प्रिंस खान के पैतृक आवास पर अदालत के आदेश के तहत इश्तेहार चिपकाया गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।
पुलिस जांच के दौरान इस रंगदारी और फायरिंग मामले में प्रिंस खान का नाम सामने आया था। इस मामले में पुलिस अब तक पांच शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल प्रिंस खान की गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

