रांची: फिल्म ‘रामायण’ को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। फिल्म के कथित विवादित दृश्यों और कहानी में किए गए बदलावों को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है। याचिकाकर्ता ने फिल्म के विवादित दृश्यों को हटाने और ऐसा नहीं होने तक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, यह जनहित याचिका अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी की ओर से दाखिल की गई है। याचिका में फिल्म के निर्माता, निर्देशक, पटकथा लेखक, केंद्र सरकार और झारखंड सरकार को प्रतिवादी बनाया गया है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ में रावण के किरदार को भगवान राम की तुलना में अधिक महत्व दिया गया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि फिल्म के कुछ दृश्य और संवाद महर्षि वाल्मीकि की मूल रामायण की कथा और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप नहीं हैं।
याचिकाकर्ता ने फिल्म में दिखाए गए कई दृश्यों पर सवाल उठाए हैं। इनमें भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास, भरत को राजगद्दी मिलने और लक्ष्मण के व्यवहार से जुड़े प्रसंग शामिल हैं।
इसके अलावा शूर्पणखा की नाक काटने वाले प्रसंग, माता सीता के संवाद और भगवान राम, माता सीता तथा लक्ष्मण को भागते हुए दिखाए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है।
याचिकाकर्ता का तर्क है कि इन दृश्यों से रामायण की मूल कथा और धार्मिक-सांस्कृतिक भावनाओं पर असर पड़ सकता है।
याचिका में एक और महत्वपूर्ण मांग की गई है। याचिकाकर्ता ने कहा है कि भगवान राम की छवि को नुकसान पहुंचाने के एवज में फिल्म की कुल कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को दिया जाना चाहिए।
इसके साथ ही फिल्म को महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप प्रस्तुत करने की मांग भी की गई है।
याचिका में अदालत से आग्रह किया गया है कि फिल्म के कथित आपत्तिजनक दृश्यों को हटाया जाए और जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक फिल्म के प्रदर्शन और प्रसारण पर रोक लगाई जाए।
फिलहाल यह मामला जनहित याचिका के रूप में हाईकोर्ट में उठाया गया है। अदालत की ओर से इस संबंध में अंतिम फैसला या फिल्म पर रोक लगाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

