जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। टाटा मोटर्स के कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच विवाद गहरा गया है। मुआवजे, दुर्घटना को ड्यूटी के दौरान हुई चोट (Injury on Duty) घोषित करने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार, टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में कार्यरत 59 वर्षीय सुबोध पात्रो 16 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान फर्श पर गिरे तेल पर फिसलकर गिर गए थे। इस हादसे में उनके सिर और कंधे में गंभीर चोट आई थी।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और करीब छह महीने तक उनका इलाज चला। 21 नवंबर की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजे और बेटे को नौकरी देने की मांग उठाई है। मांगें पूरी नहीं होने के कारण परिवार ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। शव अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
मंगलवार को आंदोलनकारियों ने टाटा मोटर्स प्लांट के मुख्य गेट, कैंटीन गेट, मटेरियल गेट और साउथ गेट को जाम कर दिया। इससे कंपनी में आवागमन और औद्योगिक गतिविधियों पर असर पड़ा।
मामले को शांत कराने के लिए पुलिस और श्रम विभाग के अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया, लेकिन बातचीत के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार, परिवार को लगभग 77 लाख रुपये सेवानिवृत्ति और पीएफ संबंधी मदों में देय हैं। वहीं परिजनों का कहना है कि ये कर्मचारी के वैधानिक लाभ हैं और उनकी मुख्य मांग दुर्घटना को Injury on Duty घोषित करने तथा बेटे को नौकरी देने की है।
फिलहाल कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच गतिरोध बना हुआ है। परिवार अपनी मांगों पर अड़ा है। वहीं प्रशासन की ओर से बातचीत के जरिए मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

