जमशेदपुर: शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुगसलाई थाना क्षेत्र से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर, 45 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक यामाहा बाइक और एक मारुति डिजायर कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई रेलवे पुल के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष छापेमारी टीम का गठन किया।
इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल और मारुति डिजायर कार में सवार चार युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अलग-अलग पुड़ियों में ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. रेहान हुसैन, शेख कुतुबुद्दीन उर्फ मोनू, मो. इरशाद उर्फ फिरदौस और दिलशाद खान उर्फ राजा के रूप में की है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 45 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल और एक मारुति डिजायर कार जब्त की है। पुलिस को आशंका है कि नकदी का संबंध नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री से है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 88/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य ब्राउन शुगर की सप्लाई करने वाले लोगों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य सदस्यों का पता लगाना है।

