जमशेदपुर के पारडीह इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गुरुवार देर रात आसनबनी-पटमदा मुख्य सड़क पर पातीपानी गांव के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान महेश्वर गोप (19) के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त मुकेश उर्फ लल्लू के साथ पटमदा के हुरुम्बिल गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।
हादसे के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें इलाज के लिए MGM अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महेश्वर गोप को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोस्त मुकेश उर्फ लल्लू का गंभीर हालत में इलाज जारी था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार के अनुसार, स्कूटी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई थी।

