Chaibasa News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से बड़ी खबर सामने आई है। चाईबासा मंडल कारा में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात अचानक छापेमारी और निरीक्षण अभियान चलाया। इस कार्रवाई का नेतृत्व उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने किया। पूरे अभियान के लिए 11 जांच दलों का गठन किया गया था। जेल परिसर में अचानक अधिकारियों के पहुंचने से जेल प्रशासन में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के उद्देश्य से 11 अलग-अलग जांच दल बनाए गए थे। इन टीमों में प्रशिक्षु IAS और IPS अधिकारियों के साथ कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल थे।
सभी टीमों को जेल के अलग-अलग हिस्सों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया गया।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कैदी वार्ड, बैरक, भोजनालय, जेल अस्पताल, शौचालय और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की।
इस दौरान बंदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जेल में बंद कैदियों की व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली।
जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, 11 टीमों द्वारा पूरे जेल परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाने के बावजूद कोई भी प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
प्रशासन का कहना है कि जेल की आंतरिक सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी तरह की लापरवाही रोकने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण महत्वपूर्ण हैं।
इस कार्रवाई के जरिए प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की निगरानी लगातार जारी रहेगी।

