झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के बीच पुलिस ने इनामी नक्सलियों की सूची में बड़ा बदलाव किया है। पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा निवासी नक्सली राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन और उसकी पत्नी मीता उर्फ नयनतारा का नाम इनामी नक्सलियों की सूची से हटा दिया गया है। दोनों के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने यह कदम उठाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन पर झारखंड पुलिस की ओर से 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जबकि उसकी पत्नी मीता उर्फ नयनतारा पर 10 लाख रुपये का इनाम था। दोनों ने सितंबर 2026 में पश्चिम बंगाल पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
इसके बाद झारखंड पुलिस ने 23 नवंबर को जारी अपडेटेड सूची से दोनों के नाम हटा दिए। सचिन पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत झुझका गांव का निवासी बताया जाता है।
पुलिस की नई सूची में अब आठ इनामी नक्सलियों के नाम शेष बताए गए हैं। इन सभी पर कुल 49 लाख रुपये का इनाम घोषित है। इनमें नितेश यादव उर्फ इरफान पर सबसे अधिक 15 लाख रुपये का इनाम बताया गया है।
सचिन और उसकी पत्नी के आत्मसमर्पण को झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि ऐसे कदमों से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

