जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पटमदा प्रखंड के कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव में 14 वर्षीय छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका कनकलता मुर्मू आठवीं कक्षा की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम चलाने को लेकर घर में विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद छात्रा की हत्या किए जाने का आरोप उसके माता-पिता पर लगा है।
पुलिस की जांच के मुताबिक, 10 नवंबर को घर में हुए विवाद के दौरान छात्रा के सिर पर डंडे से वार किया गया। आरोप है कि हत्या के बाद शव को गांव की एक बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया। 13 नवंबर को खदान से छात्रा का शव बरामद हुआ।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने मृतका के पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी मुर्मू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। ग्रामीणों ने टाटा-काटिन मुख्य सड़क जाम कर प्रशासन से कार्रवाई और बंद खदान की घेराबंदी की मांग की थी।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

